हल्द्वानी। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि उत्तराखंड में महिलाओं की खुलेआम हत्या हो रही है और पुलिस तमाशा देख रही है। प्रदेश किस ओर जा रहा है। राजधानी देहरादून में पांच दिनों के भीतर तीन लड़कियों या महिलाओं की नृशंस हत्या हुई है। सरकार ने पुलिस को लूट का साधन बनाया है। यही हाल रहे तो उत्तराखंड देवभूमि के बदले अपराध भूमि के नाम से जानी जाएगी। जारी बयान में उन्होंने कहा कि खुलेआम जिले और थाने नीलाम हो रहे है। अच्छे अधिकारियों को ठंडे बस्ते में डाल है और लूट विशेषज्ञों को जिलों की कमान दी गई है। कहा कि इनके नतीजे अब सामने हैं। देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर में जघन्य हत्याओं, लूटों और जघन्य अपराधों के बाद भी जिला पुलिस के जिम्मेदार अधिकारियों को वहीं बनाए रखा है। अयोग्य अधिकारी अपराधों के होने के बाद भी जिलों में टिके रहने को अपनी विशेष योग्यता मान कर कर्तव्यों से विमुख हो रहे हैं।