भीमताल। दशमोत्तर और पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना के लिए जिन छात्र-छात्राओं ने आधार कार्ड को बैंक से लिंक नहीं कराया है तो उनको छात्रवृत्ति का भुगतान नहीं हो पाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार ने छात्रवृत्ति के भुगतान के लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में खाते खुलवाने का परामर्श दिया है। इसी क्रम में समाज कल्याण विभाग और इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक नैनीताल खाते खुलवाने के शिविर लगाने जा रहा है। यह शिविर 23 जुलाई को डीएसबी कैंपस, 25 को राजकीय पीजी कॉलेज रामनगर और 27 जुलाई को एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक लगाया जाएगा। शिविर में इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के तहत आधार कार्ड के साथ बैंक खाता खुलवा सकते हैं। इसके लिए छात्र-छात्राओं को अपना आधार कार्ड लाना जरूरी है।