नैनीताल के तल्लीताल स्थित दर्शन घर पार्क में शो पीस बनी स्ट्रीट लाइट: फोटो अमर उजाला
नैनीताल। पिछले वर्षों के दौरान नगर पालिका ने लाखों रुपये खर्च कर अलग-अलग योजनाओं के तहत नगर और वार्डों में स्ट्रीट लाइटें लगवाईं। इनमें से कुछ स्ट्रीट लाइटें तो शाम होते ही रोशन हो जाती हैं लेकिन कई ऐसे स्थान हैं जहां लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी लोगों को शाम होने के बाद अंधेरे में ही घरों को लौटना पड़ता है।
स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुधारने की मांग को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर करने वाले नगर पालिका के सभासद मनोज साह जगाती के मुताबिक नगर के अयारपाटा व शेरवानी लाज के अलावा मल्लीताल स्थित मस्जिद से लेकर डीएसबी काॅलेज रोड में, चीना बाबा मंदिर के पास से होकर सैनिक स्कूल की ओर जाने वाले पैदल मार्ग में, चीना बाबा मंदिर से धामपुर बैंड तक, धामपुर बैंड से बारापत्थर मार्ग की ओर, फ्लैट्स मैदान के चारों ओर कई स्थानों पर, मल्लीताल स्थित एसबीआई के सामने नगर पालिका गार्डन के चारों ओर कुछ स्थानों पर, चीना बाबा मंदिर से रूकुट कंपाउंड की ओर, स्प्रिंग फील्ड क्षेत्र व सात नंबर क्षेत्र के अलग अलग हिस्सों में कई जगह स्ट्रीट लाइटें शोपीस बनी हुई हैं।
इनके अलावा स्नोव्यू से टांकी बैंड तक स्ट्रीट लाइटें भी शाम होने के बाद रोशन नहीं होती। यही हाल तल्लीताल स्थित दर्शन घर पार्क और माल रोड का भी है जहां कुछ स्ट्रीट लाइटें तो जलती हैं जबकि कई स्ट्रीट लाइटें शो पीस बनी हुई हैं।