पिंजरे के अंदर फंसा तेंदुआ। संवाद
भीमताल (नैनीताल)। नौकुचियाताल की ग्राम पंचायत खड़की में मंगलवार की सुबह वन विभाग की ओर से लगाए पिंजरे में तेंदुआ फंस गया। ग्रामीणों की सूचना पर वन दरोगा किशन भगत टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पिंजरे में फंसे तेंदुए को रेस्क्यू सेंटर रानीबाग भेज दिया।
पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य दुर्गादत्त पलड़िया ने बताया कि नौकुचियाताल क्षेत्र में लंबे समय से तेंदुए और बाघ का आतंक बना हुआ है। वन विभाग की ओर से तेंदुए और बाघ को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था। मंगलवार सुबह तेंदुआ पिंजरे में फंसा था। वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी ने बताया कि पिंजरे में फंसे तेंदुए को रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भेज दिया है।
बाघिन और दो शावकों के दिखने से ग्रामीणों में खौफ
भीमताल/बेतालघाट (नैनीताल)। ग्राम पंचायत ढुंगशिल क्षेत्र के मल्ला ढुंगशिल में सोमवार शाम ग्रामीणों ने एक बाघिन के साथ दो शावकों को देखा। ग्रामीणों ने बताया कि बाघिन ने एक कार में हमला करने का प्रयास भी किया। तल्लीताल के व्यापारी प्रवीण पांडे ने बताया कि सोमवार शाम ग्रामीणों ने एक बाघिन और उसके दो शावकों को मल्ला ढुंगशिल मार्ग पर देखा। वन क्षेत्राधिकारी विजय मेलकानी ने कहा कि क्षेत्र में वनकर्मियों की ओर से गश्त कराई जाएगी। बेतालघाट ब्लॉक के पटोड़ी गांव में बाघ दिखाई देने से ग्रामीण परेशान हैं। प्रधान कैलाश पंत ने बताया कि एक सप्ताह से बाघ 12 से अधिक मवेशियों को मार चुका है।