नैनीताल/भीमताल। शहर में जगह-जगह रामलीला का मंचन किया जा रहा है। मंगलवार को आठवें दिन लक्ष्मण शक्ति का मंचन किया गया। इसमें दिखाया कि युद्ध में मेघनाद की ओर से शक्ति का प्रयोग कर लक्ष्मण को मूर्छित किया जिसे देख श्रीराम व्याकुल हो गए। इस पर हनुमान जी लंका से सुषेण वैद्य को लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि द्रोणागिरी पर्वत पर संजीवनी बूटी अगर रात में ही आ जाए तो लक्ष्मण के प्राण बच सकते हैं। इसके अलावा सूखाताल और तल्लीताल में भी रामलीला का मंचन हुआ। उधर, नौकुचियाताल की रामलीला में हनुमान जी के लंका में प्रवेश करने के साथ लंका दहन की लीला का मंचन किया गया। मुख्य अतिथि विधायक राम सिंह कैड़ा ने लोगों से भगवान श्री राम के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। इधर भीमताल के रामलीला मैदान मल्लीताल में दशरथ-कैकेई संवाद के बाद केवट द्वारा श्री राम, माता सीता और लक्ष्मण को नदी पार कराई गई। इस दौरान मुख्य अतिथि अखिलेश सेमवाल, सचिन बेलवाल, कमल देवका, राजू नयाल, अध्यक्ष संदीप पांडे आदि मौजूद रहे।