गर्मियों की शुरूआत के साथ ही ट्यूबवेल की मोटर फुंकने का सिलसिला शुरू हो गया है। एक ही दिन में दो ट्यूबवेल की मोटर फुंकने से पेयजल संकट पैदा हो गया है। जबकि लामाचौड़ (फतेहपुर) की मोटर ठीक कराने ओर सुचारु पेयजल आपूर्ति को लेकर लोगों ने सहायक अभियंता का घेराव कर प्रदर्शन किया। सोमवार को टीपी नगर और जजफार्म के ट्यूबवेल की मोटर फुंक गई। जजफार्म और टीपी नगर के ट्यूबवेल से लगभग 20 हजार लोगों को पेयजल आपूर्ति होती है। वहीं, लामाचौड़ (फतेहपुर) के ट्यूबवेल की मोटर एक सप्ताह पहले फुंकी थी, लेकिन जल संस्थान के अधिकारी तीन दिन पहले मोटर फुंकने की बात कह रह हैं। दस हजार लोग पीने के पानी के लिए पिछले एक हफ्ते से तरस रहे हैं। सोमवार को कौस्तुभ पड़लिया के नेतृत्व में जल संस्थान के सहायक अभियंता आरपी डोबवाल का घेराव कर प्रदर्शन किया। पड़लिया ने कहा कि पीपलपोखरा, जयपुर पाडली, कुरियागांव, गुलजारपुर, गुजरौड़ा, गुनीपुर, नाथूपुर पाडली, ईसाई नगर समेत लामाचौड़ के शिक्षण संस्थानों में पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। उन्होंने टैंकर भेजकर आपूर्ति कराने की मांग की। पड़लिया ने बताया कि एक सप्ताह से मोटर फुंकने के बावजूद विभाग ने आज से मरम्मत कार्य शुरू कराया है और इसमें 10 दिन का समय लगने की संभावना है। सोमवार को टीपी नगर और जजफार्म के ट्यूबवेल की मोटर फुंकने से जल संस्थान के अधिकारियों के हाथ-पैर फूल गए हैं। 20 हजार लोगों को शाम को पानी के लिए तरसना पड़ा। हालांकि सहायक अभियंता डोबवाल ने टैंकरों से आपूर्ति करने की बात कही है।