भीमताल (नैनीताल)। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल में रविवार को अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन को सम्मानित किया गया। ग्राफिक एरा की ओर से पूरे विश्व में भारत का मान बढ़ाने के लिए लक्ष्य सेन को 10 लाख की धनराशि सम्मानस्वरूप दी गई।
ग्राफिक एरा ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. कमल घनशाला ने कहा कि ग्राफिक एरा राज्य की सबसे बड़ी यूनिवर्सिटी है। इसे देखते हुए राज्य की प्रतिभाओं को सम्मानित कर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राफिक एरा ने राज्य में खेल जगत का विस्तार करने और युवाओं को खेलों के लिए प्रेरित करने के इरादे से विगत वर्ष भी लक्ष्य सेन को 11 लाख रुपये की धनराशि दी थी। प्रत्येक वर्ष ग्राफिक एरा की ओर से लक्ष्य सेन को 10 लाख रुपये दिए जाएंगे। भीमताल परिसर निदेशक प्रो. डॉ. मनोज लोहनी, हल्द्वानी ग्राफिक एरा के परिसर निदेशक प्रो. डॉ. मनीष बिष्ट, परिसर प्रबंधन समिति की वरिष्ठ सदस्य हिमानी सेमवाल ने लक्ष्य सेन, उनके भाई चिराग सेन, मां निर्मला सेन, पिता डीके सेन और बैडमिंटन एसोसिएशन के सदस्य दीपक वर्मा को उत्तराखंड की पारंपरिक टोपी और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। संचालन प्राध्यापक दिवस तिवारी ने किया।