गरमपानी (नैनीताल)। बेतालघाट ब्लॉक के शहीद बलवंत सिंह मोटर मार्ग पर काली पहाड़ी के पास भारी मात्रा में बोल्डर और मलबा आने से सोमवार को आवाजाही बंद हो गई। लोक निर्माण विभाग ने सड़क खोलने के लिए जेसीबी मशीन लगाई है। पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने के चलते सड़क खोलने में परेशानी आ रही है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता हीरा सिंह बिष्ट ने बताया कि मलबा हटाने काम किया जा रहा है। पहाड़ी से लगातार मलबा गिरने से सड़क खोलने में परेशानी आ रही है। वहीं भवाली-अल्मोड़ा एनएच पर रामगाड़, दोपाखी, झूलापुल गरमपानी, भौर्या मोड़, लोहाली, जौरासी, काकड़ीघाट में आए मलबे और बोल्डरों को हटाने में जेसीबी मशीन लगी है। इधर नौणा-कफुल्टा मोटर मार्ग पर व्यासी के पास पेड़ गिरने से आवाजाही बंद हो गई जिससे ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वाहन चालकों ने पेड़ काटकर सड़क पर वाहनों की आवाजाही सुचारू कराई।