कालाढूंगी। मानसखंड माला मिशन में कैंची धाम और नैना देवी मंदिर को शामिल करने के बाद यहां आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए कालाढूंगी-नैनीताल रोड की चौड़ाई बढ़ाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने सर्वे शुरू कर दिया है। सड़क की चौड़ाई बढ़ने के बाद पर्यटकों को जाम की समस्या से भी निजात मिल जाएगी।
सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग गोविंद सिंह जेनोटी ने बताया कि कालाढूंगी से नैनीताल तक 34 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण के लिए सर्वे शुरू कर दिया है। इसके लिए विभाग ने सड़क के दोनों ओर वन भूमि में आने वाले पेड़ों की गिनती शुरू कर दी है। योजना के तहत सड़क की चौड़ाई 12 मीटर रखने का प्रस्ताव है। इसमें 10 मीटर सड़क पर डामरीकरण और दो मीटर पट्टी बनाने का प्रावधान है। नैनीताल के बाद कैंची धाम तक जाने वाली सड़क को भी चौड़ा किया जाएगा जिससे कैंची धाम जाने वाले पर्यटकों को असुविधा न हो।