हल्द्वानी। भीषण गर्मी में बिजली अव्यवस्था ने लोगों की नींद हराम कर दी है। शुक्रवार सुबह से जगह-जगह आपूर्ति बाधित होने के बाद देर रात करीब साढ़े नौ बजे टीपीनगर बिजलीघर से की आपूर्ति ठप हो गई। इससे जजफार्म, रामपुर रोड, देवलचौड़, तल्ली हल्द्वानी के साथ ही कालाढूंगी रोड और 13 बीघा बिजलीघर की भी सप्लाई भी बाधित हो गई। 60 हजार से अधिक की आबादी चिलचिलाती गर्मी में त्रस्त रही। ईई एसके गुप्ता ने बताया कि टीपीनगर की मुख्य लाइन में जंपर जलने से आपूर्ति बाधित हुई। रात 10:23 बजे बिजली बहाल कर दी गई।