जमरानी बांध परियोजना को एक और दो सितंबर की मूसलाधार बारिश ने तगड़ा झटका दिया है। भारी नुकसान के चलते परियोजना का काम रोकना पड़ा जो नौ सितंबर से दोबारा शुरू हो सका। करीब एक हफ्ते तक काम ठप रहने से परियोजना को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है।
परियोजना के उप महाप्रबंधक बीबी पांडेय ने बताया कि नुकसान का आकलन कर लिया गया है। बांध कंपोनेंट में 1.43 करोड़ और अमृतपुर-जमरानी सड़क व जमरानी कॉलोनी में 1.62 करोड़ का नुकसान हुआ है। कुल मिलाकर 3.05 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा ठेकेदार को भी कुछ नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि नुकसान की भरपाई परियोजना मद से ही की जाएगी और इसकी जानकारी उच्च स्तर पर दे दी गई है। बांध परियोजना का काम एक हफ्ते तक बंद रहने का दूरगामी असर पड़ेगा। इससे तय समय पर बांध निर्माण की अवधि में अंतर आ सकता है।