गरमपानी झूला पुल के पास पहाड़ी कटान से सड़क पर लगा जाम। संवाद
गरमपानी (नैनीताल)। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित झूला पुल गरमपानी में सोमवार सुबह आठ बजे से थुवा की पहाड़ी को काटकर सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू किया गया।
पहाड़ी कटान के चलते पूरे दिन सड़क पर हर एक घंटे बाद मलबे की सफाई के लिए मार्ग को बंद रखा गया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे हल्द्वानी से अल्मोड़ा की ओर आने जाने वाले यात्रियों, सैलानियों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
एनएच की ओर से सड़क पर एक घंटा काम करने के बाद एक घंटे तक मलबा हटाने के चलते सड़क को यातायात के लिए बंद रखा गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार मार्ग पर एक घंटा काम और एक घंटा वाहनों की आवाजाही बंद रखने का सिलसिला सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक काम पूरा होने तक चलता रहेगा।