रामनगर से ग्राम ढि़कुली में जाम से लगी वाहन की लम्बी कतार। संवाद
रामनगर(नैनीताल)। जून के पहले सप्ताह के अंत (वीकेंड) में ही शहर में जाम के चलते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। एक ओर पुलिस प्रशासन को जाम खुलवाने में मशक्कत करनी पड़ी। वहीं भीषण गर्मी में पर्यटकों को परेशानियों से जूझना पड़ा।
रविवार सुबह से ही गर्जिया मंदिर से रामनगर के शिवलालपुर चुंगी तक वाहनों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि जाम को खोलने के लिए मार्ग को डायवर्ट किया गया।
इस दौरान काशीपुर हाईवे से आने वाले वाहनों को शिवलालपुर चुंगी से डायवर्ट कर कोटद्वार रोड होते हुए लखनपुर चुंगी के रास्ते गर्जिया की ओर भेजा गया, जबकि गर्जिया की ओर से आने वाले वाहनों को लखनपुर चुंगी से कोसी बैराज होते हुए ट्रांसपोर्ट नगर के रास्ते भवानीगंज चौराहे से निकाला गया।
बताया गया कि गर्जिया मंदिर में रविवार को 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन किया। इस दौरान गर्जिया चौकी से मंदिर के पार्किग तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। उधर रामनगर से गर्जिया जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के वाहनों की लंबी कतार के चलते करीब तीन घंटे तक ढिकुल में पुल के पास जाम लगा रहा। इसमें पर्यटकों को घंटों जाम खुलने का इंतजार करना पड़ा। देर शाम तक जाम खुलवाने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।
कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि गर्मियों की छुट्टी के पहले वीकेंड पर अचानक से इतनी भीड़ आने से परेशानी हुई, क्योंकि जहां एक ओर सैकड़ों पर्यटक ढिकुली के रिजॉर्ट में वीकेंड मनाने अपने वाहनों से आए थे, वही इसी मार्ग पर गर्जिया मंदिर में भी सैकड़ों श्रद्धालुओं के एक साथ आने से जाम की स्थिति बन गई। बताया कि कुछ समय में ही यातायात को सुचारू कर लिया गया।