नैनीताल। परिवहन सचिव अरविंद सिंह ह्यांकी ने सोमवार को तल्लीताल डांठ में 1.19 करोड़ रुपये से कुमाऊंनी शैली में निर्माणाधीन रोडवेज स्टेशन भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से जल्द कार्य पूरा कर संबंधित भवन विभाग को हस्तांतरित कराने के निर्देश दिए।
सोमवार को परिवहन सचिव अरविंद ह्यांकी ने रोडवेज स्टेशन के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को नए भवन में फर्नीचर समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर बजट का आकलन कर प्रस्ताव बनाने को कहा। कहा कि नए भवन के सामने स्थित बिजली के तारों को भूमिगत कराया जाए। साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं। नए भवन में स्थानीय उत्पादों के साथ ही हैंडीक्राफ्ट समेत अन्य उत्पादों को स्थान दिया जाएगा। परिवहन सचिव ने कहा कि नई जगह में बनाए गए रोडवेज स्टेशन में भी रिपेयरिंग को लेकर प्रस्ताव जल्द दिया जाए। इस दौरान परिवहन निगम के अधिकारियों ने सचिव को नए बस अड्डे में होने वाली दिक्कतों की भी जानकारी दी। इस दौरान रोडवेज की आरएम पूजा जोशी, नैनीताल प्रभारी जीवन आर्य, हेम गुणवंत आदि रहे।