नैनीताल। गन्ना विकास परिषद कार्यालय में एससीडीआई बीरेंद्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में नैनीताल जनपद के अंतर्गत आने वाले ब्लॉक प्रभारी अधिकारियों की समीक्षा बैठक की गई। बैठक में चौधरी ने सभी ब्लॉक प्रभारियों एवं गन्ना विकास निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में जलभराव वाले स्थानों का निरीक्षण कर गन्ना फसल को हुए संभावित नुकसान का आकलन करने और शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से जलभराव वाले खेतों से पानी की निकासी करने का आग्रह किया ताकि फसल को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। बैठक में यह बताया गया कि क्षेत्र के किसानों को गन्ना उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करते हुए शरदकालीन गन्ना बुवाई की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस दौरान ब्लॉक प्रभारी राकेश कुमार ने कोसी नदी के निकटवर्ती क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा प्रस्तुत की। बैठक में दीपक कुमार शर्मा, योगेश चंद्र भट्ट, सोमपाल सिंह, सुभाष चंद्र आदि रहे।