रामनगर (नैनीताल)। कोतवाली में बृहस्पतिवार की रात एक दरोगा ने होटल व्यवसायी के साथ अभद्रता करते हुए थप्पड़ जड़ दिए। इसके विरोध में होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शुक्रवार सुबह कोतवाली का घेराव किया। वहीं एसएसपी ने दरोगा को निलंबित कर मामले की जांच सीओ हल्द्वानी को सौंपी है। होटल कारोबारियों ने दरोगा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रामनगर के बंबाघेर निवासी होटल व्यवसायी व स्टोन क्रशर स्वामी ऋषि सचदेव ने कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि बृहस्पतिवार की देर रात उसके मित्र का लखनपुर क्षेत्र में किसी से विवाद हो गया था जिसे लेकर वह कोतवाली पहुंचा। कहा कि वहां तैनात नीरज चौहान से उन्होंने कोतवाल से मिलने की बात कही। होटल व्यवसायी का आरोप है कि दरोगा ने अभद्रता करते हुए उसे थप्पड़ जड़ दिए और कॉलर पकड़कर घसीटते हुए कपड़े उतारने की धमकी दी। साथ ही उसकी जेब से सामान भी निकाल लिया। घटना की जानकारी होते ही देर रात कोतवाली में भीड़ जमा हो गई। रात में किसी तरह मामला शांत हुआ। शुक्रवार सुबह होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष हरि सिंह मान के नेतृत्व में एसोसिएशन के सदस्य कोतवाली पहुंचे और सीओ बलजीत सिंह भाकुनी का घेराव किया। सीओ ने किसी तरह से समझाकर व्यापारियों को शांत किया।
मामले की जांच रिपोर्ट 15 दिन में देने के निर्देश
सीओ बलजीत सिंह भाकुनी ने बताया कि एसएसपी पंकज भट्ट ने दरोगा नीरज चौहान को निलंबित कर दिया है। इस पूरे प्रकरण की जांच सीओ हल्द्वानी को सौंपी गई है। एसएसपी ने सीओ हल्द्वानी को 15 दिन के भीतर जांच रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर, प्रदेश के डीजीपी अशोक कुमार ने भी प्रकरण का संज्ञान लिया है।