बेतालघाट में खाई में गिरी महिला को अस्पताल लाते समय वाहन जाम में फंस गया, जिस कारण महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत रोपा गांव के भूमिया मंदिर के पास रविवार की शाम को चारा काटते समय पैर फिसलने से प्रेमा देवी (60) पत्नी मुरलीधर सांगुड़ी खाई में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। महिला के खाई में गिरने की सूचना पर स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने प्रेमा देवी को गंभीर हालत में बेतालघाट सीएचसी पहुंचाया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद महिला की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया।
परिजन महिला को एंबुलेंस से हल्द्वानी लेकर जा रहे थे लेकिन गरमपानी-कैंची मार्ग पर जाम लगा होने के चलते एंबुलेंस भी फंस गई और महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। स्थानीय निवासी दीप रेखाड़ी ने बताया कि एंबुलेंस के जाम में फंसे रहने के चलते प्रेमा देवी को समय पर इलाज नहीं मिल पाया, जिससे उनकी मौत हो गई। यदि जाम नहीं लगा होता तो शायद महिला की जान बच जाती।