नैनीताल। तल्लीताल रोडवेज बस स्टैंड में बृहस्पतिवार दोपहर ढाई बजे बाद वाहनों की कमी के चलते नैनीताल से हल्द्वानी जाने के लिए टेंपो ट्रेवलर में सीटों के लिए मारामारी रही। यात्रियों के उतरने के पूर्व ही एक यात्री के वाहन में चढ़ने लगा। चालक के मना करने पर वह अभद्रता पर उतर आया। गुस्साए चालक ने उक्त यात्री को नीचे नहीं उतारने पर वाहन चलाने से इन्कार कर दिया। चालक व परिचालक के विरोध के चलते एक बार हालात बेकाबू हो गए। सीनियर स्टेशन इंचार्ज ने उक्त यात्री को बाहर निकाला। इसके बाद वाहन में बैठे यात्रियों की गवाही पर यात्री के खिलाफ एफआईआर करने के लिए कहा और पुलिस को फोन करने लगे। उनके तल्ख तेवर देखकर यात्री शांत हुआ और स्टेशन से चला गया।