नैनीताल। नगर के समीपवर्ती रूसी-खुर्पाताल बाईपास पर इन दिनों अवैध खनन जोरों पर हैं। वाहन स्वामी बेरोकटोक यहां रेता मिश्रित रोड़ी निकाल रहे हैं। वह इन्हें समीपवर्ती मंगोली, बजून, पंगूट, फगुनियाखेत आदि मार्ग पर सड़क के किनारे स्टॉक कर रहे हैं। मामले में वन विभाग मूकदर्शक बना हुआ है।
रूसी-खुर्पाताल बाईपास पर अवैध खनन जोरों पर हैं। इसे मार्ग और क्षेत्र की सुरक्षा पर भी खतरा है। वाहन स्वामी उपखनिज निकालकर इसे भवन निर्माण करने वाले लोगों को बेच रहे हैं। विभिन्न स्थानों पर पुलिस चौकी होने के बावजूद अवैध उपखनिज से भरे वाहनों का निकलना बड़ा सवाल है। हालांकि एक दशक पूर्व बाईपास मार्ग निर्माण के दौरान भी अवैध खनन के मामले आए थे जिस पर विभाग ने सख्ती दिखाते हुए रोक लगा दी थी। डीएफओ सीएस जोशी का कहना है कि वन विभाग की टीम के माध्यम से मार्ग के किनारे एकत्र रेता-बजरी को जब्त किया जाएगा और संबंधित अधिकारी से रूसी-खुर्पाताल क्षेत्र की निगरानी कराई जाएगी। जरूरत पड़ी तो पुलिस की मदद ली जाएगी।