नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में छात्रसंघ के नाम पर अवैध वसूली का गंभीर मामला सामने आया है। छात्रसंघ अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह चौहान ने कुछ पदाधिकारियों पर कार्यक्रम और छात्र सहायता के बहाने अवैध रूप से पैसे वसूलने के आरोप लगाए हैं। भानु प्रताप के अनुसार कि कुछ पदाधिकारी स्थानीय प्रतिष्ठानों और लोगों से स्पॉन्सरशिप के नाम पर मोटी रकम मांग रहे हैं। लोगों को झांसा देने के लिए वे फोन पर किसी अन्य व्यक्ति को छात्रसंघ अध्यक्ष बताकर बात भी करवा रहे हैं। अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि उन्होंने किसी भी पदाधिकारी को अपने या संगठन के नाम पर धन इकट्ठा करने के लिए अधिकृत नहीं किया है। उन्होंने आम छात्रों, व्यापारियों और स्थानीय जनता से अपील की है कि वे ऐसे धोखाधड़ी करने वाले तत्वों से सावधान रहें और पैसे मांगने वालों की सूचना तुरंत उन्हें दें।