संवाद न्यूज एजेंसी
हल्द्वानी। स्कूल वाहन पर अब पांच जरूरी फोन नंबर चस्पा करने होंगे। फायर ब्रिगेड समेत अगर ये पांच नंबर स्कूल बस या वैन में नहीं चिपके मिले तो कार्रवाई की जाएगी।
विगत एक सप्ताह से स्कूल बस और वैनों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जांच में पता चला रहा कि कई स्कूल वैन और बस के संचालक यातायात नियमों का सही तरह से पालन नहीं कर रहे थे।
इस बीच आरटीओ प्रवर्तन नंद किशोर ने पब्लिक स्कूल एसोसिएशन को आदेश जारी कर कह दिया है कि स्कूल बस और वैन के अंदर फायर ब्रिगेड, परिवहन विभाग, पुलिस हेल्पलाइन, जिला आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग के फोन नंबर जरूर चिपके होने चाहिए जिससे किसी भी आपात स्थिति में इन नंबरों पर संपर्क किया जा सके। अगर किसी स्कूल बस और वैन में ये फोन नंबर नहीं चिपके मिले तो संबंधित संचालक पर कार्रवाई की जाएगी। आरटीओ प्रवर्तन के अनुसार स्कूल बस और वैनों की लगातार चेकिंग की जा रही है। चेकिंग के दौरान पता चला कि कुछ बस और वैनों में फर्स्ट एड बॉक्स तक नहीं है।
ये पांच फोन नंबर चिपकाना जरूरी
पुलिस हेल्पलाइन नंबर, नैनीताल-112, 9411112979
जिला आपदा प्रबंधन, नैनीताल-1077, 05942-231178
अग्निशमन विभाग, नैनीताल-112, 05946-260207
परिवहन विभाग, हल्द्वानी-73022598, 05946-260207
स्वास्थ्य विभाग, एंबुलेंस-108
-
स्कूल बस और वैन में बच्चों की सुरक्षा की दृष्टि से पांच संपर्क जारी किए गए हैं जिन्हें हर स्कूल बस और वैन में चिपकाना जरूरी है। इनमें एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड के फोन नंबर शामिल हैं।
-नंद किशोर, आरटीओ प्रवर्तन, हल्द्वानी।