भीमताल (नैनीताल)। रामलीला मैदान मल्लीताल में देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप पांडे की ओर से 17 सूत्री मांगों के लिए क्रमिक अनशन किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष हुकुम सिंह कुंवर ने अनशन पर पहुंचकर व्यापारी नेता को समर्थन दिया। हुकुम सिंह ने कहा कि व्यापारी नेता की मांगें प्रदेश के हित में हैं। उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और मांगों को पूरा करने की अपील करेंगे। कुंवर ने कुमाऊं कमिश्नर, डीएम, विधायक और सांसद से भी मांगों को हल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मांगेंं पूरी नहीं की गई तो प्रदेशव्यापी बंद का ऐलान किया जाएगा। संदीप पांडे ने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने तक अनशन जारी रहेगा। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष गोपाल भट्ट, प्रदेश प्रवक्ता रमेश पलड़िया, तारादत्त जोशी, चंदन सिंह बिष्ट, सज्जन लाल साह, जीवन पलड़िया, गोविंद बल्लभ पालीवाल आदि मौजूद रहे।