भीमताल (नैनीताल)। नगर में होटल कर्मी का शव संदिग्ध हालात में फंदे पर लटका मिला है। सूचना के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस प्रथमदृष्टया मौत के कारण की वजह आत्महत्या मान रही है।
थानाध्यक्ष विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि सूरज थापा (19) पुत्र राम बहादुर निवासी वार्ड नंबर एक लाहौर पुर जिला बदरिया नेपाल और वर्तमान भीमताल निवासी खुटानी क्षेत्र में स्थित एक होटल में काम करता था। बुधवार को युवक का शव होटल की छत पर फंदे से लटका हुआ मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
ब्रेक फेल होने से सड़क पर पलटा वाहन, आधे घंटे लगा जाम
गरमपानी(नैनीताल)। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बृहस्पतिवार सब्जी से भरी पिकअप के अचानक ब्रेक फेल हो गए और वह गरमपानी देवी मंदिर के पास सड़क पर पलट गई। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया। दुर्घटना के कारण एनएच के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगने से यात्रियों और सैलानियों को आधे घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ा। खैरना पुलिस के कांस्टेबल जगदीश धामी, राजेंद्र सती ने जाम खोलकर यातायात सुचारु कराया। चालक दान सिंह ने बताया ब्रेक फेल होने से वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। बाद में अन्य वाहन से सब्जियों को अल्मोड़ा भेजा गया।