फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Road Accident: होली पर बेरंग हुईं खुशियां, बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत

Fri, 06 Mar 2026 09:53 AM IST
गायत्री जोशी संवाद न्यूज एजेंसी

सार

होली के दिन गौलापार में तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत हो गई। बाइक पर सवार बंटाईदार घायल हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
दुर्घटना। (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गौलापार में होली के दिन तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार देवला तल्ला निवासी किसान शोबन सिंह रावत (54) की मौत गई। हादसे में बाइक पर सवार बंटाईदार घायल हो गया। पुलिस ने बोलेरो और बाइक दोनों को कब्जे में ले लिया है।

देवला तल्ला निवासी शोबन सिंह रावत पुत्र बच्ची सिंह बुधवार शाम बाइक से घर लौट रहे थे। उनके साथ पीलीभीत निवासी बंटाईदार कुशाली राम भी सवार था। कुंवरपुर के पास स्थित पेट्रोल पंप के पास हाईवे पर तेज रफ्तार यूपी की टैक्सी नंबर की बोलेरो से बाइक को टक्कर मार दी। इससे शोबन सिंह छिटककर सड़क पर जा गिरे। उनके सिर और पैर बुरी तरह जख्मी हो गए।

दोनों घायलों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने शोबन को मृत घोषित कर दिया जबकि कुशाली राम का उपचार कराया गया। उसकी हालत में सुधार है। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। मामले की अभी पुलिस को तहरीर नहीं सौंपी गई है। बोलेरो चोरगलिया की ओर जा रही थी। इसे समीर निवासी बोडिया बिरनु हिसार हरियाणा चला रहा था।

घर के इकलौते कमाऊ सदस्य थे शोबन

शोबन सिंह के परिवार में पत्नी के अलावा बेटा और बेटी हैं। दोनों बच्चों की शादी हो गई है। बेटा बेरोजगार है। करीब एक एकड़ जमीन में फसल उगाकर शोबन सिंह ही परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। सड़क हादसे से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा पड़ा। उनके भतीजे बलवंत रावत ने बताया कि चाचा शोबन सिंह बुधवार की शाम रामबाग में किसी के घर गए थे। वापस लौटते वक्त हादसा हो गया। बृहस्पतिवार शाम को रानीबाग चित्रशिला घाट पर अंत्येष्टि की गई।

लोग उठा चुके हैं स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग

गौलापार में खेड़ा से लेकर दानीबंगर तक लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। कई स्थान डेंजर जोन बन चुके हैं। ग्राम प्रधान देवला तल्ला बालम सिंह नौला ने बताया कि बुधवार को जहां हादसा हुआ वहां पहले भी कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इस संबंध में पूर्व में लोनिवि के अधिकारियों से मिलकर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग उठाई जा चुकी है। क्षेत्र में लावारिस पशुओं की बढ़ती संख्या भी हादसे की वजह बनी हुई है।

चोरगलिया थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे का असल कारण जानने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। मामले में तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी। दोनों वाहन पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं। - अमित कुमार सैनी, सीओ सिटी

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें