नैनीताल। धार्मिक संस्था राम सेवक सभा की ओर से आयोजित फागोत्सव में बृहस्पतिवार को विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच होली गायन प्रतियोगिता हुई। स्व. नवीन चंद्र साह की स्मृति में हुई प्रतियोगिता में दस से अधिक विद्यालयों ने भागीदारी की। इसमें मोहन लाल साह बाल विद्या मंदिर अव्वल रहा। सभा प्रांगण में बाल होल्यारों ने मृगनयनी को यार नवल राशियां.., मेरी चुनरी में पड़ गयो दाग री, ऐसो चटक रंग डालो.., मस्तानों की टोली में राधा बोलो होली.., कैसी होली मनाई कन्हाई.., रंग डालो न हम पर बार-बार.., मस्तानों की टोली में राधा..आदि होली गाई गई। बाल कलाकारों ने राधा-कृष्ण की होली, कृष्ण-सुदामा मिलन समेत होली गीतों में प्रस्तुत रचना का जीवंत व भावपूर्ण अभिनय किया। इसमें भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय द्वितीय, रामा मोंटेसरी तृतीय रहा। अमेरिकन किड्स सीआरएसटी प्राइमरी विंग को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। मुख्य अतिथि कुर्मांचल बैंक के अध्यक्ष विनय साह ने सभी को होली की शुभकामनाएं दी। आयोजकों की ओर से मुख्य अतिथि समेत प्रगति साह एवं संजय साह को राधा कृष्ण का चित्र भेंट किया। निर्णायक रंगकर्मी मिथिलेश पांडे और कैलाश जोशी रहे। इसमें मनोज साह, अशोक साह, जगदीश बवाड़ी, राजेंद्र बिष्ट, विमल साह, विमल चौधरी, राजेंद्र लाल साह, देवेंद्र लाल साह, भुवन बिष्ट, ललित साह, भीम सिंह कार्की, हीरा रावत, इदरीश मलिक आदि रहे। वहीं, राम सेवक सभा के बाल कलाकारों ने पंत पार्क तथा सभा भवन में भी प्रस्तुति दी। संवाद