लालकुआं। बरसात, दैवीय आपदा और आगामी त्योहारी सीजन के बीच दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को बड़ी राहत मिली है। 14 सितंबर को पशु आहार की दरों में वृद्धि संबंधी आदेश को दुग्ध विकास विभाग ने स्थगित कर दिया है। इससे नैनीताल जिले के करीब 34 हजार और पूरे प्रदेश के लगभग 55 हजार दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को राहत मिलेगी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने बताया कि पशुपालकों पर बढ़ते आर्थिक दबाव को देखते हुए उन्होंने दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा को पत्र भेजकर पशु आहार की दरों में वृद्धि के आदेश पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया था। मंत्री ने सचिव डेयरी विकास विभाग एवं प्रबंध निदेशक यूसीडीएफ को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद आदेश को स्थगित कर दिया गया है।