नैनीताल। हाईकोर्ट ने सितारगंज के मीना बाजार स्थित दो फड़ व्यवसायियों के बेदखली आदेश पर 28 दिसंबर तक रोक लगा दी है। वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय कुमार मिश्रा की एकलपीठ ने जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर, नगर पालिका सितारगंज तथा राज्य सरकार को इस मामले में जवाब दाखिल करने के लिए कहा है। सितारगंज निवासी शकील अहमद व सईद की ओर से दायर याचिका में कहा गया है कि वह 1990 से सितारगंज के मीना बाजार में फड़ लगाते आ रहे हैं। हाल ही में एसडीएम, लोनिवि की ओर से उन्हें बेदखली का आदेश मिला। याचिकाकर्ता का कहना है कि स्ट्रीट वेंडर एक्ट के तहत बिना वेंडिंग जोन चयनित किए हुए फड़ व्यवसायियों को नहीं हटाया जा सकता।