रामनगर। अति व्यस्त लखनपुर चौराहे पर जल्द ही हाईटेक शौचालय बनेगा। इसके लिए नगर पालिका की ओर से आठ लाख रुपये अवमुक्त कर दिए गए हैं। शौचालय का निर्माण रामनगर वन प्रभाग की ओर से कराया जाएगा जबकि शौचालय का संचालन पालिका करेगी।
स्थानीय लोगों की ओर से लंबे समय से लखनपुर चौराहे के पास हाईटेक शौचालय बनाने की मांग की जा रही थी। शौचालय बनाने को लेकर जी-20 सम्मेलन के दौरान उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के प्रधान महासचिव प्रभात ध्यानी के नेतृत्व में धरना भी दिया गया था। तब प्रशासन ने हाईटेक शौचालय बनाने का आश्वासन दिया था।
लखनपुर चौराहे पर जिस भूमि पर शौचालय बनना है वह कोसी रेंज में है, ऐसे में शौचालय का निर्माण रामनगर वन प्रभाग की ओर से कराया जाएगा। पालिका के ईओ महेंद्र यादव ने बताया कि शौचालय निर्माण के लिए धनराशि रामनगर वन प्रभाग को अवमुक्त कर दी गई है। इधर वन प्रभाग के डीएफओ दिगांथ नायक ने बताया कि धनराशि मिल चुकी है। जल्द ही निविदा करके शौचालय का निर्माण कराया जाएगा।