हल्द्वानी। मानसून राज्य में सामान्य तिथि के आसपास पहुंचा लेकिन आने के बाद भी शुरूआती तीन दिनों में मानसून की बारिश का ज्यादा असर नहीं दिखा। नैनीताल जिले में अब मानसून ने अपना रंग दिखाना शुरू किया है।
उत्तराखंड में 24 जून को मानसून ने प्रवेश कर लिया था। इसके बाद भी 27 जून तक हल्द्वानी में मानसून का ज्यादा असर नहीं दिखा। 28 जून से मानसून ने अपने तेवर दिखाने शुरू किए हैं। बुधवार की रात काठगोदाम क्षेत्र में बारिश के बाद बृहस्पतिवार को शहर में हल्के बादल छाए रहे। दोपहर तक धूप निकल आई। उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हो गए। शाम को मौसम में फिर से बदलाव हो गया। देर शाम को तेज बारिश शुरू हो गई। अब तक मानसून में पूरे शहर में एक साथ बारिश नहीं हो पा रही थी लेकिन बृहस्पतिवार को मूसलाधार बारिश से पूरा शहर भीग गया। यही नहीं नैनीताल जिले के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी भारी बारिश होने का अनुमान है। फिलहाल हल्द्वानी में 34.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहा। नैनीताल जिले में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिन के समय हल्द्वानी में हवा की गति 5.4 किमी प्रतिघंटा थी जो शाम को बढ़ गई।
हल्द्वानी में मानसून से अभी तक हुई बारिश
24 जून- 0 मिमी
25 जून-16 मिमी
26 जून-1 मिमी
27 जून-0 मिमी
28 जून-6 मिमी
29 जून-40 मिमी
(स्रोत-आपदा प्रबंधन विभाग, नैनीताल)
अल्मोड़ा और नैनीताल में मानसून की धीमी शुरूआत
हल्द्वानी। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार कुमाऊं मंडल में अल्मोड़ा और नैनीताल जिले में मानसून की शुरूआत सबसे धीमी हुई है। मानसूनी बारिश की बात करें तो अभी तक अल्मोड़ा में सामान्य से 73 प्रतिशत और नैनीताल जिले में सामान्य से 68 प्रतिशत कम बारिश हुई है। चंपावत में भी अभी तक 39 प्रतिशत कम बारिश हुई है। अन्य जिलों में बागेश्वर में सामान्य से 247 प्रतिशत, ऊधमसिंह नगर में सामान्य से 30 प्रतिशत और पिथौरागढ़ में सामान्य से नौ प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज हुई है।
नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश का येलो अलर्ट है। कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। राज्य के पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश अति तीव्र बौछारें हो सकतीं हैं।-विक्रम सिंह, निदेशक, मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून