नैनीताल जिले में लगातार बारिश के बाद जनजीवन प्रभावित हो गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की दो सितंबर सुबह 9:30 बजे की रिपोर्ट के अनुसार जिले में पिछले 24 घंटे में औसतन 85.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। नैनीताल तहसील में सर्वाधिक 217 मिमी और हल्द्वानी तहसील में 166 मिमी वर्षा हुई।
बारिश के चलते जिले में 47 सड़कें बंद हैं, जिनमें एक राज्य मार्ग, एक अन्य जिला मार्ग, तीन मुख्य जिला मार्ग व 42 ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। बंद सड़कों में ज्योलीकोट-बेलुवाखान-भवाली, हल्द्वानी-चोरगलिया, चोरखेत-पतलोट, दाड़िमा-भटकोट, रामनगर-रानीखेत समेत कई महत्वपूर्ण ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। अधिकांश सड़कों को मंगलवार को खोलने का लक्ष्य रखा गया है। रिपोर्ट के अनुसार कोसी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर दर्ज किया गया है।
जिले में आपदा से एक व्यक्ति की मौत, चार लोग घायल, जबकि एक व्यक्ति के लापता होने की सूचना है। बारिश और भूस्खलन से 54 आंशिक भवन, एक पूर्ण भवन, दो पशु भवन तथा तीन गोशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। जिला प्रशासन और संबंधित विभाग बंद सड़कों को खोलने तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में जुटे हैं।
वहीं, चंपावत में बादल छाए हैं और लोहाघाट में हल्की बारिश हो रही है। पिथौरागढ़ में हल्की बारिश हो रही है, चीन सीमा को जोड़ने वाले दोनों हाईवे तवाघाट-गुंजी और धारचूला-तवाघाट बंद होने से दारमा व चौदास और व्यास घाटियों का संपर्क कटा है। वहीं 19 ग्रामीण सड़कें भी बंद होने से बड़ी आबादी परेशान है।