हल्द्वानी। बरसात के मौसम में त्वचा संबंधी रोगियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सुशीला तिवारी चिकित्सालय के चर्म रोग विभाग में रोजाना 150 से 200 रोगी इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। एसटीएच के चर्म रोग विशेषज्ञ डाॅ. चिराग सैनी ने बताया कि मानसून सीजन में त्वचा में फंगल और बैक्टिरियल इंफेक्शन अधिक होता है। इसका मुख्य कारण त्वचा में रहने वाली नमी है। उन्होंने बताया कि यहां ओपीडी में रोजाना कुमाऊं के अलावा यूपी के जिलों से भी लोग इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि त्वचा रोगियों को अपना तौलिया, साबुन और कपड़े अलग रखने चाहिए। उन्होंने चिकित्सक से परामर्श के बाद ही मरीज को दवा लेने की सलाह दी।