नैनीताल। कोरोना संक्रमण का खतरा एक बार फिर सामने आ गया है। शासन-प्रशासन स्तर पर युद्ध स्तर पर कोविड से बचाव के लिए तैयारियां की जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग कोरोना से निपटने के लिए तैयार है। स्वास्थ्य विभाग ने कुमाऊं स्तर पर कोविड जांच बढ़ाने के साथ दो टेस्टिंग लैब को प्रभावी कर दिए हैं।
कोरोना की चौथी लहर को लेकर सरकार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। विभाग ने कोविड जांचें बढ़ा दी हैं। सभी अस्पतालों को पूर्व की कोविड गाइडलाइन का पालन के निर्देश दिए हैं। कोविड सैंपलों की जांच का पहला टेस्टिंग सेंटर हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में होगा। इसमें नैनीताल, ऊधमसिंह नगर के मरीजों की जांचें होंगी। दूसरा सेंटर अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में अल्मोड़ा में होगा। यहां भी अल्मोड़ा के अलावा बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत के कोविड सैंपलों की जांच की जाएगी।
--------------
प्रिकॉशन से कोरोना संक्रमण से बच सकते हैं
नैनीताल। अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण कुमाऊं डॉ. तारा आर्य ने बताया कि लोग प्रिकॉशन लें तो उनको कोरोना से कोई खतरा नहीं। लोगों को कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का प्रयोग करना चाहिए। कोरोना के लक्षण सर्दी, जुकाम, बुखार होने पर डॉक्टरी सलाह के साथ कोरोना जांच करानी चाहिए। बताया कि घबराने की कोई बात नहीं। कोरोना संक्रमित व्यक्ति को होम आइसोलेशन में रखकर ही उसका उपचार किया जा सकता है।
कोट-
कोरोना से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है। वर्तमान में स्वास्थ्य विभाग का कोरोना जांचों पर फोकस है। छूटे हुए लोगों को प्रिकॉशन डोज लगाई जा रही है।
- डॉ. तारा आर्य, अपर निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, कुमाऊं