नैनीताल से लेकर हल्द्वानी तक हवा कितनी हुई जहरीली
- फोटो : अमर उजाला
दिवाली पर खूब आतिशबाजी हुई, इस दिन हल्द्वानी से लेकर नैनीताल तक की गुणवत्ता खराब हुई है। इस बात की तस्दीक एयर क्वालिटी इंडेक्स में की जा रही है। हल्द्वानी में ही पिछले दिनों की तुलना में दो गुना का अंतर दिखाई दिया है, हल्द्वानी में एयर क्वालिटी इंडेक्स औसत से खराब श्रेणी में पहुंच गया है।
पीसीबी दिवाली के समय 15 दिन तक हवा और ध्वनि की गुणवत्ता की जांच करता है। इसके तहत हल्द्वानी और नैनीताल में जांच के लिए मशीन लगाई गई हैं। पीसीबी के आंकड़ों के हिसाब से हल्द्वानी में 8, 9, 10, 11 नवंबर को क्रमश: एक्यूआई 104, 107, 118, 123 पहुंच गया। दिवाली के दिन इसमें सौ का अंतर आया और एक्यूआई 223 पर पहुंच गया। इसी तरह संबंधित तिथि को नैनीताल में 65, 70, 102, 104 और दिवाली के दिन एक्यूआई 143 पर पहुंच गया। नैनीताल में हवा की गुणवत्ता औसत की श्रेणी में रही।
पिछले वर्षों में दिवाली के समय एक्यूआई
अगर पिछले वर्षों से दिवाली के समय के एक्यूआई से तुलना करें तो निरंतर सुधार दिखाई दे रहा है। इससे अनुमान है कि लोग आतिशबाजी का कम प्रयोग कर रहे हैं।
2020-297
2021-251
2022- 227
2023-223
क्या है मानक
हवा की गुणवत्ता के लिए मानक तय हैं। उसमें 0 से 50 तक एक्यूआई को अच्छा माना जाता है। 51 से 100 तक में संतोषजनक माना जाता है और इसमें संवेदनशील व्यक्ति पर प्रभाव पड़ता है। 100 से 200 तक की श्रेणी औसत में आती है, इसमें सांस की बीमारी वाले समेत अन्य मरीजों को समस्या आती है। 201 से 300 तक खराब श्रेणी में आता है। इसमें अधिकांश व्यक्तियों को सांस लेने में समस्या आती है। 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 तक सीवयर श्रेणी में आता है। इसमें सांस संबंधी समस्या आदि आती है।