हल्द्वानी। ₹बीते दिनों पंतनगर एयरपोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा बल अलर्ट पर हैं। मगर हल्द्वानी रेलवे स्टेशन में यात्रियों की सुरक्षा के इंतजाम नाकाफी हैं। रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) होने के बावजूद आपराधिक गतिविधि को ट्रैक करने के लिए यहां पर सीसीटीवी कैमरे तक की व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा मेटल डिटेक्टर मशीन का भी इंतजाम नहीं है। ऐसे में यदि कभी कोई बड़ा अपराध हो जाए तो जांच करना मुश्किल भरा हो सकता है।
हल्द्वानी के रेलवे स्टेशन के एक तरफ बस्ती है और दूसरी तरफ चहारदीवारी ना होने से समूचा क्षेत्र खुला हुआ है। इस क्षेत्र को संवेदनशील माना जाता है। इसी के चलते रेलवे पुलिस की प्राथमिकता यहां सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की रहती है लेकिन, धरातल पर सुरक्षा इंतजाम पूरी तरह से धड़ाम हैं। बड़ी संख्या में पहुंचने वाले यात्रियाें की भीड़ के बीच कई बार असामाजिक तत्व आपराधिक वारदात भी करते हैं। ऐसे अपराध की जांच करने के लिए रेलवे स्टेशन पर अभी तक सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। आरपीएफ अधिकारी ने बताया कि कुछ महीने पूर्व स्टेशन के विश्राम कक्ष के पास एक यात्री के साथ जेब काटने का मामला सामने आया था। इस पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद
रेलवे स्टेशन परिसर के पीछे रेलिंग है क्षतिग्रस्त
हल्द्वानी रेलवे स्टेशन परिसर में पीछे की ओर स्थित रेलिंग काफी समय से क्षतिग्रस्त है। ऐसे में कई बार यहां बाइक सवार क्षतिग्रस्त हिस्से से बाइक दौड़ते रहते हैं। जिससे यहां कभी भी कोई हादसा हो सकता है। इस तरह कोई भी बाहरी व्यक्ति स्टेशन में घुस कर किसी अपराध को अंजाम दे सकता है।
यात्रियों से जबरन मांगने लगते हैं पैसा
शाम होते ही स्टेशन में बस्ती के लोग झुंड बनाकर खड़े हो जाते हैं। इससे आने जाने वालों यात्रियों को काफी परेशानी होती है। बस्ती के बच्चे यात्रियों से जबरन पैसा मांगने लगते हैं। जब यात्री उन्हें पैसा नहीं देते तो बस्ती के लोग अपशब्दों का प्रयोग करते हैं। हद तो यह है कि कई बार भीड़ में से कुछ लोग यात्रियों के लिए बने बेंच पर बैठ जाते हैं।
संदिग्ध को पहचान पाना मुश्किल
सुरक्षा के लिए प्रवेश द्वार पर स्कैनर मशीन और मेटल डिटेक्टर मशीन नहीं है। साथ ही स्टेशन पर यात्रियों के लगेज को भी स्कैन करने का कोई इंतजाम नहीं है। ऐसे में कोई भी यात्री स्टेशन पर बिना किसी भय के प्रवेश कर सकता है। इस तरह संदिग्ध कुछ भी सामान अंदर ला सकता है।
रेलवे प्रशासन की ओर से इज्जतनगर मंडल के काठगोदाम और रुद्रपुर स्टेशन में सीसीटीवी लगाए गए हैं। हल्द्वानी स्टेशन में सीसीटीवी लगाने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही रेलवे स्टेशन की सुरक्षा को मजबूती देने के लिए कैमरे लग जाएंगे। इससे रेलवे पुलिस को किसी अपराध की जांच करने में आसानी होगी। -राजेंद्र सिंह, पीआरओ, इज्जतनगर मंडल