रामनगर (नैनीताल)। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में जिप्सियों का पंजीकरण लॉटरी सिस्टम से दो मार्च को किया जाएगा। नए पर्यटन सत्र के लिए जिप्सियों का रजिस्ट्रेशन कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ओर से किया जा रहा है।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में पर्यटन संचालन के लिए जिप्सियों का पंजीकरण खुली श्रेणी और ईडीसी श्रेणी में दो मार्च को लॉटरी के माध्यम से नगर पालिका के सभागार में होगा। कॉर्बेट पार्क के वार्डन अमित ग्वासीकोटी ने बताया कि कॉर्बेट पार्क में 360 जिप्सियों का पंजीकरण किया जाना है। पार्क के लिए खुली श्रेणी में 310, ईडीसी के तहत 50 जिप्सियों का पंजीकरण किया जाना है। अब तक खुली श्रेणी में 336 और ईडीसी श्रेणी में 70 आवेदन प्राप्त हुए है। जिप्सियों का पंजीकरण प्रति वर्ष किया जाता है। जिप्सियों के पंजीकरण के लिए पारदर्शिता के साथ लॉटरी की जाएगी।
सभी आवेदकों का हो पंजीकरण
भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष मदन जोशी का कहना है कि कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में जिप्सी में लॉटरी प्रक्रिया को रोकने के लिए पार्क वार्डन से मिले। उनसे कहा कि लॉटरी प्रक्रिया के बजाय सभी आवेदकों का रजिस्ट्रेशन किया जाए। कहा कि लॉटरी प्रक्रिया रोकने के लिए बृहस्पतिवार को देहरादून में चीफ वाइल्ड लाइफ वार्डन समीर सिन्हा से भी मुलाकात की जाएगी।