नैनीताल/लालकुआं। श्री गुरुनानक देव के प्रकाश पर्व को लेकर नैनीताल में कई दिनों से प्रभातफेरी निकाली जा रही है। इसमें श्रद्धालुओं की ओर से शबद कीर्तन किए जा रहे हैं। सोमवार को मुख्य पर्व के लिए गुरुद्वारा को आकर्षक रूप से सजाया गया है।
गुरुद्वारा गुरु सिंघ सभा की ओर से नियमित कार्यक्रम के तहत रविवार को भी प्रभातफेरी निकाली गई। गुरुद्वारा को भी आकर्षक ढंग से बिजली की मालाओं से सजाया गया है। सभा के महासचिव अमरप्रीत ने बताया कि सुबह 10:30 बजे अखंड साहब का भोग होगा। जिसके बाद दिल्ली बंगला साहेब गुरुद्वारे से आए प्रेम सिंह बंधू शबद कीर्तन करेंगे जबकि लखीमपुर से आए ज्ञानी अनंत पाल सिंह कथा वाचन करेंगे। इसके बाद लंगर होगा। आयोजन की सफलता में अध्यक्ष जोगिंदर सिंह आनंद, मनप्रीत सिंह, संदीप सिंह, जसनीत सिंह, जसपाल सिंह, अमरजीत सिंह, गुरमीत सिंह आदि रहे।
इधर, गुरुद्वारा लालकुआं में रविवार को आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में लोगों का जांच कर उपचार किया गया। गुरुनानक देव के प्रकाशोत्सव पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा सिंह सभा की ओर से गुरुद्वारा परिसर में रुद्रपुर के निजी अस्पताल के सहयोग से शिविर लगाया गया। जिसका शुभारंभ विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने किया। शिविर में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. नूतन जैन, डॉ. आरिफ रसूल, डॉ. बलजीत कौर, डॉ. नवीन अग्रवाल और नफीस अहमद के सहयोग से 275 लोगों का स्वास्थ्य प्रशिक्षण किया गया।
इस दौरान गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष सरदार हरबंस सिंह, सचिव राजकुमार सेतिया, चंद्रेश भाटिया, हरनाम सिंह, भाजपा नेता धन सिंह बिष्ट, प्रेमनाथ पंडित, अजीत चौधरी, राजकिरण सेतिया, लक्ष्मीकांत आदि मौजूद रहे।