हल्द्वानी। सेवानिवृत्त वन दरोगा को ठगने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने तरणताल हल्द्वानी के पास से गिरफ्तार कर लिया है। मूलरूप से जलना पहाड़पानी नैनीताल निवासी सेवानिवृत्त वन दरोगा मोहन सिंह पडियार 23 सितंबर को माता-पिता का श्राद्ध करने अपने गांव जा रहे थे।
कालाढूंगी चौराहे पर मिले बाइक सवार दो लोगों ने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर उन्हें झांसे में ले लिया। जालसाजों ने उनसे 9500 रुपये कैश और एटीएम कार्ड ले लिया। एटीएम से 35 हजार रुपये निकालने के बाद 2960 और 1800 रुपये एक मिठाई की दुकान से ऑनलाइन पेमेंट की। हीरानगर पुलिस चौकी प्रभारी एसआई विजयपाल सिंह, हेड कांस्टेबल कमल पांडे, कांस्टेबल ललित नाथ ने सीसीटीवी प्रभारी जितेंद्र बुधलाकोटी की मदद से आरोपियों की पीछा किया। मंगलवार को आरोपी तरणताल के पास एक और घटना को अंजाम देने निकले थे कि इससे पहले पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने डासना वेब सिटी गाजियाबाद निवासी कमरुद्दीन और कैलाशनगर विजयनगर गाजियाबाद निवासी प्रदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रेकी कर भोले-भाले लोगों को निशाना बनाते थे। आरोपियों से ठगी के 35,100 रुपये भी बरामद किए हैं।