नैनीताल। ठेके की शुरुआत में ही लड़खड़ाई कूड़ा उठान और निस्तारण की व्यवस्था अब तक पटरी पर नहीं आ सकी है। हालात ऐसे हैं कि नगर के 12 सभासदों ने संंस्था के कार्यों पर आपत्ति जताते हुए कार्रवाई की मांग की है। पालिका ने सभी 15 वार्डों का सर्वे कराया। इसमें सामने आया कि 2320 घरों से कूड़ा उठान नहीं हो रहा है। ऐसे में प्रति घर 20 रुपये के हिसाब से संस्था पर 46400 रुपये जुर्माना लगाया गया है। बीते वर्ष अप्रैल से टीवीआई दीक्षांक वेस्ट मैनेजमेंट संस्था ने कूड़ा कलेक्शन कार्य की शुरुआत की। शुरुआत से ही सवालों के घेरे में रहे संस्था पर मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कुमार ने दिसंबर में संस्था पर 32,200 रुपये जुर्माना लगाया। अब जनवरी में फिर से 46,400 रुपये जुर्माना लगाया गया है। सीएसआई का कहना है कि संस्था का कार्यों की निगरानी की जा रही है।