हल्द्वानी में नितिन हत्याकांड में एक गैंग का नाम सामने आया है। एक जनवरी को रामपुर रोड स्थित होटल में हुए विवाद में इस गैंग के सदस्य के जुड़े होने की बात सामने आई है। इसे मिलाकर अब शहर में तीन गैंग की सक्रियता है। पुलिस भले ही इनके अस्तित्व से इन्कार करे लेकिन इन गैंग के जरिये कुछ युवा समय-समय पर शहर का माहौल बिगाड़ रहे हैं।
शहर में गैंग की सक्रियता के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। आखिरी प्रकरण पांच माह पहले छड़ायल में उस समय सामने आया जब कार सवार चार युवकों पर एक गैंग के सदस्यों ने हमला कर दिया। ईंट से वाहन तोड़ा और चारों को अधमरा कर दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैंग के सरगना को जेल भेज दिया। तब से शहर में खामोशी छाई थी लेकिन बीती एक जनवरी को रामपुर रोड स्थित होटल में कमरे के लिए एक युवक का होटल कर्मी से विवाद हुआ। इसके बाद उस युवक ने खुद को एक गैंग से जुड़ा बताया। पुलिस यदि सही ढंग से जांच करे तो इन गिरोह की असलियत सामने आएगी।
इन गैंग के नाम आ चुके हैं सामने
आईटीआई गैंग, छड़ायल गैंग, दरम्वाल गैंग, रेनकोट गैंग
गैंगों के हमले
2022 : शीशमहल के हनुमान मंदिर के निकट दूसरे समुदाय के युवकों को पीटा। सांप्रदायिक रंग दिया।
2023 : कालाढूंगी रोड पर मामूली विवाद में दंपती की पिटाई। पत्नी के सामने पति को अधमरा किया।
2023 : जेल में बंद एक गैंग के सदस्य ने पूड़ी के विवाद में जेल कर्मी को जान से मारने की धमकी दी।
2024 : रामपुर रोड में नहर में कार गिरी। क्रेन बुलाकर निकलवाया। बिना पैसे दिन क्रेन चालक को पीटा।
2024 : एमबीपीजी काॅलेज में डंडे और रॉड से हमला कर एक छात्र को लहूलुुहान किया।
2025 : डिग्री काॅलेज में पार्किंग का ठेका लेकर कार खड़ी करने के मामले में चालक को पीटा।
2025 : छड़ायल में कार सवार युवकों पर कातिलाना हमला।
शहर में किसी भी गैंग का नाम अब तक प्रकाश में नहीं आया है। यदि शहर के अंदर किसी ने भी राहगीर या आमजन के साथ कोई वारदात की तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। - मनोज कुमार कत्याल, एसपी सिटी