किच्छा। मोबाइल खोने के बाद भी साइबर धोखाधड़ी हो सकती है। किच्छा से यात्रा पर गए डाक्टर दंपती का रास्ते में मोबाइल खोने के बाद चार लाख रुपये उड़ा लिए गए। आवास विकास निवासी डाॅ. कुंवर आशीष प्रताप ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसके माता पिता 27 सितंबर को नागपुर जा रहे थे। इसी बीच उनकी मां का मोबाइल ट्रेन में गिर गया। मोबाइल दो बैंक खातों में एसएमएस अलर्ट के रूप में रजिस्टर्ड था। दोनों बैंक खातों से एटीएम एक्टिव नहीं था और न ही यूपीआई, गूगल पे और अन्य ऑनलाइन बैंकिंग संबंधी सेवा एक्टिव थी। आरोप है कि अज्ञात ठगों ने मोबाइल बैंकिंग एक्टिव कर खाते से 4.09 लाख रुपये निकल लिए। सीओ बीएस धोनी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की विवेचना की जा रही है।