हल्द्वानी। कोतवाली पुलिस और एसओजी शुक्रवार को संयुक्त रूप से तीन पानी बायपास स्थित उत्तराखंड मुक्त विवि तिराहे पर जांच अभियान चला रही थी। इस दौरान एक कार तीन पानी बायपास की तरफ आ रही थी लेकिन पुलिस को देखकर वह जंगल की तरफ मुड़ गई। पुलिस ने कार को रोक लिया। उसमें चालक समेत चार लोग सवार थे। जांच में पुलिस को बड़ी थैली मिली, जिसमें नशे के इंजेक्शन थे। पूछताछ में चालक ने बताया कि वह बनभूलपूरा से सामान खरीदकर मंडी क्षेत्र और टीपी नगर में बेचने जा रहे थे। कार नई बस्ती निवासी अशफाक अली (42) चला रहा था। इसके अलावा वाहन में इंदिरा नगर निवासी रिजवान मियां (30), वार्ड नंबर 28 निवासी राशिद अली (19) और वार्ड नंबर 31 निवासी महराज अली (19) पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पुलिस ने 190 इंजेक्शन और दवाएं बरामद कीं।