गौलापार (नैनीताल)। भीषण गर्मी और बढ़ती वनाग्नि की घटनाओं के बीच हल्द्वानी वन प्रभाग ने अपने फ्रंटलाइन वन कर्मियों एवं फायर वॉचर्स के लिए पहली बार आधुनिक कूलिंग जैकेट उपलब्ध कराए हैं। प्रभागीय वनाधिकारी कुंदन कुमार ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य कठिन परिस्थितियों में कार्यरत कर्मचारियों को राहत पहुंचाना और उनकी कार्यक्षमता बढ़ाना है। कई वन क्षेत्रों में 40 से 45 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंचने के कारण डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रेस और अत्यधिक थकान जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। इन चुनौतियों को देखते हुए हल्द्वानी वन प्रभाग ने ड्यूल-फैन एयर सर्कुलेशन तकनीक और रिचार्जेबल बैटरी से युक्त आधुनिक कूलिंग जैकेट उपलब्ध कराए हैं। ये हल्के और उपयोगी जैकेट शरीर के भीतर निरंतर वायु प्रवाह बनाए रखते हैं, जिससे लंबे समय तक फील्ड ड्यूटी के दौरान शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है।