नैनीताल। बारिश न होने के कारण जंगलों में आग लगने का सिलसिला जारी है। रविवार को बल्दियाखान वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय के समीप जंगल में आग धधक उठी। देखते ही देखते आग चीड़ के जंगल में फैल गई। हल्द्वानी रोड से आवाजाही करने वाले वाहन चालकों ने विभाग को इसकी सूचना दी। इसके बाद पहुंची वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में मोर्चा संभाला। खबर लिखे जाने तक वन कर्मी आग बुझाने में जुटे थे। वन क्षेत्राधिकारी मुकुल शर्मा ने बताया कि आग पर काबू पाया जा रहा है। साथ ही जंगल में आग लगाने वाले अराजक तत्वों का भी पता लगाया जा रहा है। बता दें की बीते सप्ताह मनोरा रेंज के आलूखेत व नैना रेंज के बजून के जंगल में आग लग गई थी।