रामनगर। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के आमपोखरा रेंज के शिवनाथपुर बीट पर बिना छपान के 13 खैर के पेड़ काट दिए गए। डीएफओ ने मामले में जांच बिठाई तो वन दरोगा और वन बीट अधिकारी दोषी पाए गए। कार्यवाही करते हुए वन आरक्षी को निलंबित करते हुए वन दरोगा पर कार्यवाही के लिए वन संरक्षक को पत्र लिखा।
डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्य ने बताया कि 18 जनवरी को वह निरीक्षण कर रहे थे। आमपोखरा रेंज के शिवनाथपुर बीट पर वन विकास निगम की लौट पर पातन हो रहा था। निरीक्षण के दौरान लौट में बिना छपान के खैर के 13 पेड़ कटे पाए गए। इस मामले की जांच एसडीओ जसपुर को सौंपी गई। एसडीओ जसपुर की जांच रिपोर्ट में वन दरोगा रामसंजीवन और वन बीट अधिकारी देवेंद्र प्रकाश आर्य दोषी पाए गए। वन बीट अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है, जबकि वन दरोगा पर कार्यवाही के लिए वन संरक्षक को पत्र लिखा गया है। जांच के दौरान पाए गए 13 वृक्षों का अवैध पातन करने पर उत्तराखंड वन विकास निगम की ओर से वनों में कार्य करने के लिए कटानध्चिरान की शर्तों के अनुसार 5.80 लाख की पीडी जारी की गई है।