15 जून को कैंची धाम के स्थापना दिवस पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी चुनौती रहने वाली है। इसे देखते हुए प्रशासन ने बाहरी जिलों से फोर्स मंगाने की तैयारी कर ली है। हालांकि बीते सालों में स्थापना दिवस के मौके पर बाबा के आशीर्वाद से मेले में कोई व्यवधान नहीं रहा है।
बाबा नीब करौरी के प्रति आस्था के कारण देश-विदेश से भक्त 15 जून को कैंची धाम पहुंचते हैं। विराट कोहली समेत अन्य स्टार के लगातार यहां आने के बाद इस साल भक्तों की संख्या में खासा इजाफा हुआ है। इसे देखते हुए इस साल मेले में भक्तों की संख्या लाखों में पहुंचने का अनुमान है। भक्तों की भीड़ अनियंत्रित न हो और सभी व्यवस्थाएं पटरी पर रहें इसके लिए पुलिस-प्रशासन ने अभी से तैयारी कर रही है। बैठकों का दौर शुरू हो गया और प्रशासन ने रूट प्लान भी तैयार कर लिया है। अब व्यवस्थाएं बनाने के लिए बाहर से पुलिस-फोर्स भी बुलाने का फैसला किया है। नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और रुद्रपुर से जिले में फोर्स पहुंचेगी। 400 पुलिसकर्मी मेलाक्षेत्र में तैनात रहेंगे। इनमें पांच सीओ और 12 थानाध्यक्ष होंगे। इसके अलावा दो प्लाटून पीएसी भी रहेगी।
कैंची में अखंड हनुमान चालीसा का पाठ जारी
कैंची मंदिर में 15 जून को होने वाले मेले को लेकर जिला प्रशासन और मंदिर समिति की ओर से तैयारी लगातार जारी है। मंदिर में एक माह तक चलने वाला अखंड हनुमान चालीसा पाठ लगातार चल रहा है। मंदिर में अतिरिक्त द्वार के अलावा अन्य कार्य 10 जून से किए जाएंगे। मंदिर में ट्रस्ट के पदाधिकारियों की ओर से लगातार सहयोग किया जा रहा है। मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक बिनोद जोशी ने बताया कि मंदिर को बिजली की मालाओं से भव्य रूप से सजाया जाएगा। बताया कि भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। सभी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
इस बार जिले के अलावा बाहर से भी पुलिस फोर्स मेले के सफल आयोजन को ध्यान में रखते हुए मंगाई जा रही है। मेले को लेकर हर तरफ से सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए रेकी की जाएगी। दूरबीन से मेले की व्यवस्थाओं पर कड़ी नजर रखी जाएगी। भक्तों को परेशानी न हो, इसके लिए मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कैंची धाम का निरीक्षण करेंगे।
दीपक रावत, कुमाऊं कमिश्नर