गरमपानी (नैनीताल)। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय सुयालबाड़ी में बृहस्पतिवार को फुटबॉल फॉर स्कूल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिक्षा मंत्रालय और अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल एसोसिएशन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में नैनीताल जिले के 14 विद्यालयों को फुटबॉल बांटी गई। कैंची धाम की एसडीएम मोनिका ने कहा कि खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, सहयोग, प्रतिस्पर्धा और टीम भावना के गुण विकसित होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियो को खेलों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। सुयालबाड़ी के प्रधान दीपक सुयाल ने भी विद्यार्थियों को अच्छे संस्कार अपनाने और खेलों के माध्यम से व्यक्तित्व विकास पर बल दिया। विद्यालय की प्राचार्य डॉ. दीपा जोशी ने रूपरेखा प्रस्तुत की। एसडीएम ने कक्षा 10 और 12वीं के बोर्ड परीक्षार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें परीक्षा के दौरान तनावमुक्त रहने की सलाह देते हुए आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दी।