रामनगर/पीरुमदारा। शुक्रवार देर रात आंधी के दौरान पीरुमदारा स्थित फ्लोर मिल में गेहूं की बोरियों को ढकने के दौरान एक मजदूर की गिरकर मौत हो गई।
अशरफ खान (25) पुत्र मो. नवाब मूल रूप से कोरल बेगूसराय बिहार का रहने वाला था। 30 मार्च को वह हिम्मतपुर ब्लॉक स्थित फ्लोर मिल में काम करने आया था। उसके भाई अजमल खान के मुताबिक शुक्रवार देर रात आंधी आई। इस पर फ्लोर मिल में गेहूं की बोरियों को तिरपाल से ढका जा रहा था। अशरफ बोरियों के ऊपर चढ़ा था और ऊंचाई से अचानक नीचे गिर गया। इससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। उसे रामनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया कि मृतक शादीशुदा था और उसकी एक बेटी और एक बेटा हैं।
कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच की जा रही है।