रामनगर (नैनीताल)। मालधनचौड़ के शिवनाथपुर नई बस्ती से फोटो शूट के लिए निकले पांच युवक लापता हो गए। लापता युवकों की तलाश के लिए परिजनों ने कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस लापता युवकों की तलाश में जुटी है।
शिवनाथपुर नई बस्ती निवासी इंद्रा देवी ने बताया कि 26 अगस्त को दोपहर ढाई बजे उनका 15 वर्षीय बेटा नितिन, 14 वर्षीय आर्यन पुत्र ठाकुर चंद्र, 15 वर्षीय कुनाल पुत्र दीवान राम, 15 वर्षीय रोहित कुमार, देवेंद्र लोहनी निवासीगण ग्राम शिवनाथपुर नई बस्ती लापता हो गए। पांचों हाईस्कूल के छात्र हैं। पांचों एक साथ वॉलीबाल खेलने और मैच के बाद फोटो शूट करने की बात कहकर निकले थे लेकिन वापस नहीं लौटे। शनिवार को परिजन पूर्व ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी के साथ कोतवाली पहुंचे। कोतवाल से मिलकर युवकों को तलाश करने की बात कही। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि युवकों के मोबाइल नंबरों को ट्रेस किया जा रहा है। युवकों की लोकेशन मध्यप्रदेश के इंदौर में मिल रही है। पुलिस की एक टीम युवकों की तलाश में इंदौर को रवाना हो गई है।