हल्द्वानी। शहर में कई दुकानदार आपकी सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं, ऐसे में खाद्य सामग्री की खरीद के दौरान एक्सपायरी समेत अन्य चीजों का ध्यान देने की जरूरत है। हम आपको इसलिए सचेत कर रहे हैं क्योंकि हाल ही में आई खाद्य लैब की रिपोर्ट में दूध, पनीर और मसाले के सैंपल अधोमानक पाए गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने तीन महीने पहले दूध, पनीर और मसालों के सैंपल भरे थे। इसमें दूध के दो, पनीर का एक और मसाले के दो सैंपल अधोमानक पाए गए। दूध में पानी, मसाले में लकड़ी का बुरादा और पनीर में भी मिलावट पाई गई। हल्द्वानी बाजार क्षेत्र में विभाग ने रक्षाबंधन से दो दिन पूर्व जांच के नाम पर खानापूर्ति की है।
इस दौरान जो सैंपल लिए गए वह भी सर्वे के नाम पर। पूर्व में विभाग त्योहारों से 15 दिन पहले सैंपल लेने की कार्रवाई शुरू कर देता था। जिला अभिहीत अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि सैंपल अधोमानक पाए गए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों से लगातार सैंपल लेने और जांच करने के लिए कहा गया है। माई सिटी रिपोर्टर