नैनीताल। जिले में लगातार हो रही मानसूनी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारिश के चलते जिले के कई हिस्सों में सड़क संपर्क टूट गया है। वर्तमान में मलबा आने के कारण एक राज्य मार्ग और पांच ग्रामीण मुख्य मार्ग बाधित है। वहीं, खनस्यू में सबसे ज्यादा 72 और नैनीताल में 63 मिमी भारी बारिश रिकॉर्ड की गई। गौला, कोसी और नंधौर नदियों का जलस्तर फिलहाल चेतावनी स्तर से नीचे बना हुआ है। शहर में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। शहर में शनिवार रात से शुरू हुई बारिश रुक-रुककर जारी है। कोहरे के चलते वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतें आ रही हैं।